टीईटी अनिवार्यता पर आर-पार: 4 अप्रैल को रामलीला मैदान में होगा शिक्षकों का शक्ति प्रदर्शन
मियापुर स्थित मंगलम लॉन में जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में दिल्ली कूच की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि टीएफआई द्वारा पूर्व में दो बार धरना आयोजित करने के लिए सरकार से अनुमति मांगी गई, लेकिन दोनों बार अनुमति निरस्त कर शिक्षकों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस बार हर हाल में 4 अप्रैल को रामलीला मैदान में महारैली होगी और शिक्षकों की आवाज सरकार तक पहुंचाई जाएगी।
जिला मंत्री रविचंद्र यादव ने सभी शिक्षकों व शिक्षिकाओं से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों ने बताया कि टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक रेलवे, बसों और निजी वाहनों से दिल्ली जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार अध्यादेश लाकर सेवारत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त करे।
बैठक में बसों की व्यवस्था, मार्ग, संपर्क और समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
इस अवसर पर लालसाहब यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, रामदुलार यादव, लक्ष्मीकांत सिंह, प्रमोद दुबे, विक्रम प्रकाश, सुनील यादव, अरविंद यादव, श्यामलाल मौर्य, मनोज यादव, पवन सिंह, धर्मेंद्र यादव, रामप्रसाद यादव, मनोज उपाध्याय, प्रशांत मिश्रा, पंकज सिंह, राजकुमार यादव, अरुण यादव, अरुण सिंह, रामपाल, देवीप्रसाद मिश्रा, अनिल कुमार, शैलेन्द्र पाल, अनिल कन्नौजिया, सूरज मौर्य, अनिल यादव, विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

