ईद-उल-फितर को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट, डीएम-एसपी ने ईदगाह का किया निरीक्षण
जौनपुर:ईद-उल-फितर के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मछलीशहर पड़ाव स्थित ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाह परिसर, आसपास के क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों तथा प्रवेश एवं निकास बिंदुओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़-प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता का आकलन किया और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। साथ ही नगर निकाय को ईदगाह एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखने के लिए कहा।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को ईद एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।

