वॉलीबॉल खिलाड़ी व शिक्षक बलवंत सिंह का निधन, शोक की लहर
https://www.shirazehind.com/2026/03/blog-post_142.html
जौनपुर। टीडी इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी बलवंत सिंह का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। तारापुर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
स्वर्गीय बलवंत सिंह अपने समय के बेहतरीन खिलाड़ियों में गिने जाते थे। कॉलेज में अध्यापन कार्य के साथ-साथ खेल के प्रति उनका जुनून भी देखने लायक था। जब वह मैदान में उतरते थे तो उनका खेल देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती थी।
सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने वॉलीबॉल से अपना नाता नहीं तोड़ा और लंबे समय तक सक्रिय रूप से खेलते रहे। हालांकि बीते दो वर्षों से अस्वस्थ रहने के कारण वह घर पर ही रह रहे थे।
उनके निधन से शिक्षा और खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। क्षेत्र के शिक्षकों, खिलाड़ियों और गणमान्य लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

