अलविदा जुमा से पहले जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मस्जिदों का किया निरीक्षण
जौनपुर। आगामी अलविदा जुमा के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं व्यवस्थित नमाज अदा कराने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शहर क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने अटाला मस्जिद जौनपुर, शिया जामा मस्जिद जौनपुर तथा बड़ी मस्जिद जौनपुर सहित अन्य मस्जिदों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि अलविदा जुमा की नमाज के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही नगर निकाय के अधिकारियों को मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक सृष्टि जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

