जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

 

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जफराबाद, गौराबादशाहपुर और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस से मुठभेड़ के बाद तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी, मोबाइल फोन तथा अवैध असलहे बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, गोसाईपुर गांव निवासी प्रेमचंद्र यादव जनसेवा केंद्र संचालित करते हैं। 11 मार्च की रात वह केंद्र से घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और बैग में रखा नकद रुपया लूट लिया। इस मामले में उनकी पत्नी निशा देवी की तहरीर पर जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बेलाव पुल के पास पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बदमाश कच्चे रास्ते से भागने लगे, लेकिन उबड़-खाबड़ रास्ते में मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो अन्य को भी दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे वह सुरक्षित बच गए। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदर्श यादव उर्फ अलगू निवासी विशुनपुर बसवत, अमन यादव निवासी बगथरी तथा दिवाकर कुमार निवासी सकरा, थाना गौराबादशाहपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने अपने एक साथी अनुराग यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, कारतूस, लूट की 27 हजार रुपये नकदी, लूटी गई मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related

डाक्टर 982466501480327188

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item