दस वर्षों के कानूनी संघर्ष के बाद मिला नियुक्त पत्र, अभ्यर्थियों के चेहरे खिले
https://www.shirazehind.com/2026/03/blog-post_181.html
जौनपुर।जनपद में 29334 गणित-विज्ञान पदों पर पिछले दस वर्षों के कानूनी संघर्ष के बाद आखिरकार नियुक्त पत्र मिल गया। सोमवार को देर शाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल ने जारी कर दिया।ये अभ्यर्थी वर्ष 2014 में प्रदेश के किसी न किसी जिले में काउंसिलिंग कराये थे लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका था।इस सम्बन्ध में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वर्ष 2016 में पहली याचिका दाखिल की गई थी।2017 में अभ्यर्थियों के पक्ष में आदेश हुआ जिसे सरकार द्वारा न स्वीकार किये जाने पर 2018 में अवमानना याचिका दाखिल की गई। सरकार मामले को लेकर डिवीजन बेंच में गई जहां उसकी याचिका खारिज कर दी गई तथा अभ्यर्थियों के पक्ष में सिंगल बेंच का निर्णय यथावत रखा गया। सरकार मामले में राहत पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट गई जहां याचियों को याची लाभ देते हुए नियुक्ति पत्र देने का आदेश जारी हुआ। जनपद जौनपुर में कुल 18 लोगों को मूल अभिलेखों के सत्यापन के लिए बुलाया गया। सत्यापन के पश्चात सोमवार को अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया। गौरतलब है कि वर्ष 2013 में विज्ञापित इन पदों के लिए ज्यादातर अभ्यर्थियों को वर्ष 2015 में ही नियुक्ति पत्र मिल गया था लेकिन इन अभ्यर्थियों को लम्बा कानूनी संघर्ष करना पड़ा।नियुक्ति पत्र जारी किये जाने पर कुंवर विक्रम सिंह, अमित मिश्रा, प्रदीप यादव, भूपेश त्रिपाठी,शैलेश गुप्ता आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की।

