नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ‘अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट’ का होली मिलन समारोह संपन्न
जौनपुर। सामाजिक, धार्मिक, चिकित्सक, किन्नर एवं अन्य क्षेत्रों में सक्रिय अग्रणी संस्था अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन नगर के एक हॉल में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शकुंतला यादव, डॉ. समर बहादुर सिंह, डॉ. अजय कुमार दूबे, रीता जायसवाल एवं नागेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मेनका सिंह ने शिव तांडव स्तोत्र एवं नीलम मिश्रा ने राधा-कृष्ण होली गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय और रंगमय बना दिया।
संरक्षक मंडल द्वारा नई समिति के गठन की घोषणा की गई। अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष शरद कुमार जायसवाल, समाजसेवा समिति की अध्यक्ष मीरा अग्रहरि एवं सचिव क्षमा सिंह, शिक्षक समिति के अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव एवं सचिव नीलम मिश्रा व डॉ. पूनम सिंह, किन्नर समिति की अध्यक्ष पायल किन्नर एवं सचिव डॉली जोशी सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों के नामों की औपचारिक घोषणा की गई।
कार्यकारिणी की घोषणा के उपरांत सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पारंपरिक मिष्ठान के साथ होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
संस्था अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने कहा कि होली भारतीय लोक संस्कृति का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। पूरे देश में होली मनाई जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार में इसका विशेष महत्व है। फागुन लगते ही गांव-गांव में होली के गीत गूंजने लगते हैं और लोग ढोल-झाल-मजीरे के साथ उत्सव में डूब जाते हैं।
डॉ. शकुंतला यादव ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। इसे बिना किसी भेदभाव और हुड़दंग के मनाना चाहिए तथा किसी को जबरन रंग नहीं लगाना चाहिए।
डॉ. समर बहादुर सिंह ने इसे एकता का पर्व बताते हुए कहा कि हमें रंगों की तरह आपस में घुलमिल कर रहना चाहिए। डॉ. अजय कुमार दूबे ने प्राकृतिक रंगों से होली मनाने और हानिकारक केमिकल युक्त रंगों से दूर रहने की अपील की।
संरक्षक रीता जायसवाल ने कहा कि होली मिलन समारोह में महिलाओं की सहभागिता विशेष रही। महिलाओं की टोली ने रंग-अबीर लगाकर होली गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट परिवार द्वारा सभी को उपहार प्रदान कर होली की बधाई दी गई।
कार्यक्रम का संचालन सागर सोलंकी एवं आभार प्रदर्शन राधिका सिंह ने किया। इस अवसर पर पूनम सिंह, अर्चना सिंह, सरोज गुप्ता, शिवांगी खरे, कनक सिंह, डॉ. साधना मौर्य, सीमा गुप्ता, दीपक श्रीवास्तव, स्वप्निल श्रीवास्तव, रेनू अग्रहरि, किरन किन्नर सहित ट्रस्ट परिवार के सदस्य, नीरज शाह, रामजी सिंह, सुधांशु विश्वकर्मा, अंजनी मिश्रा एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

