गद्दोपुर में हमला व तोड़—फोड़ के दो आरोपी गिरफ्तार
https://www.shirazehind.com/2026/03/blog-post_27.html
धर्मापुर, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गद्दोपुर गांव में बीते 8 मार्च की रात को एक महिला और उसके परिवार पर जानलेवा हमला करने तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर प्रवीण यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामलाल, हेड कांस्टेबल शशिकान्त यादव की टीम ने दबिश देकर अभियुक्त बादल खरवार पुत्र प्रदीप खरवार और देवी प्रसाद राय पुत्र स्व. विश्वनाथ राय को उनके निवास स्थान गद्दोपुर से हिरासत में लिया।बता दें कि उक्त गांव की निवासिनी मीना देवी पत्नी स्व. चंद्रशेखर ने 9 मार्च को थाने में तहरीर दी थी कि आरोपियों ने 8 मार्च की रात को एक राय होकर उनके परिवार पर ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला किया। गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दिया। इस दौरान हमलावरों ने पीड़िता का ट्रैक्टर, सीसीटीवी कैमरा और बिजली के केबल भी तोड़ डाले थे। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने गद्दोपुर के बेनी खरवार, बादल खरवार, मनोज खरवार, माता राय, देवी राय, अजीत खरवार और प्रमोद खरवार के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 7 सीएलए एक्ट में मामला पंजीकृत किया था। गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है जिस पर पूर्व में भी मारपीट और धमकी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।

