पुराने जमीनी विवाद में महिला सहित तीन की पिटाई, छेड़खानी का आरोप, मारपीट का वीडियो वायरल
जफराबाद (जौनपुर)। स्थानीय कस्बे के दरीबा मोहल्ले में बुधवार को पुराने जमीनी विवाद को लेकर दबंगों ने एक महिला सहित तीन लोगों की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मोहल्ला निवासी किरन बाला गिरी पत्नी रविकांत गिरी ने आरोप लगाया कि पारिवारिक जमीन पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर सरिष्ठ पुत्र कांता, आत्मा पुत्र अंगनु, अमित पुत्र लेखु तथा दुर्गाप्रसाद पुत्र सरिष्ठ ने उनके पति रविकांत गिरी को बांस के डंडों से मारना-पीटना शुरू कर दिया।
पति की पिटाई होते देख किरन बाला अपने नाबालिग भतीजे के साथ मौके पर पहुंचकर बचाने लगीं। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें और उनके भतीजे को भी पीटकर घायल कर दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान दुर्गाप्रसाद ने उनके साथ छेड़खानी की।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया जा रहा था, जिसे आरोपितों ने छीनकर तोड़ दिया और जला दिया। मारपीट तथा मोबाइल जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

