एसआई भर्ती परीक्षा के सवाल पर बवाल, विधायक ने कहा– कुंठित मानसिकता का काम

 

जौनपुर । जिले के बदलापुर विधानसभा के बीजेपी विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र में पूछे गए एक प्रश्न पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

 विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि 14 मार्च को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के हिंदी खंड में एक अत्यंत आपत्तिजनक एवं संवेदनशील प्रश्न पूछा गया, जिससे समाज में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रश्न में अवसर के अनुसार बदल जाने वाले व्यक्ति के लिए एक शब्द पूछते हुए विकल्प में "पंडित" , अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी दिए गए थे।



विधायक ने कहा कि यह प्रश्न गलत तरीके से तैयार किया गया है। अवसर के अनुसार बदल जाने वाले व्यक्ति को अवसरवादी कहा जाता है, लेकिन विकल्प में पंडित शब्द को शामिल करना एक विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि पंडित शब्द विद्वान, ज्ञानी और धार्मिक सम्मान से जुड़ा होता है, इसे नकारात्मक अर्थ से जोड़ना पूरी तरह अनुचित और असंवेदनशील है।

 विधायक ने इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिसने यह प्रश्नपत्र तैयार किया है, वह अधिकारी कुंठित और विकृत मानसिकता का व्यक्ति होगा। एक पूरे समाज को आघात पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। साथ ही सरकार को बदनाम करने वाले ऐसे कालनेमियों को चिन्हित किया जा रहा है।

पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के प्रश्न परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हैं और इससे सामाजिक सद्भाव प्रभावित होने की आशंका रहती है। विधायक ने प्रश्न तैयार करने वाली समिति के खिलाफ तत्काल विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

साथ ही भविष्य में परीक्षा प्रश्नपत्र तैयार करते समय संवेदनशीलता, निष्पक्षता और सामाजिक सद्भाव का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देने की भी मांग की है।

Related

डाक्टर 7116007893975537793

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item