साली से शादी कराने का दबाव बनाने के लिए युवक का अपहरण!
जफराबाद। क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी एक युवक का बदमाशों ने 11 मार्च की रात अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं में से एक युवक की साली से शादी करना चाहता था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि बीबीपुर गांव निवासी रविंदर यादव पुत्र जखन यादव की कबुलपुर बाजार में अंडे की दुकान है। वह रोज की तरह 11 मार्च की रात दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक चार पहिया वाहन से पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया।
देर रात अपहरणकर्ताओं ने रविंदर यादव की पत्नी रिंकू यादव के मोबाइल पर फोन किया। फोन करने वाले रामकिरत यादव पुत्र सियाराम यादव निवासी गडसरा थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी ने धमकी देते हुए कहा कि यदि अपने पति को बचाना चाहती हो तो अपनी बहन अंजली की शादी उससे करवा दो। इतना कहकर उसने फोन काट दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर रिंकू यादव ने परिवार व रिश्तेदारों को बताया और इसके बाद पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकिरत यादव को उसके गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर अपहृत रविंदर यादव को बरामद कर लिया गया।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि घटना के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई। 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।

