आरएसकेडी पीजी कॉलेज में वित्तीय साक्षरता पर कार्यशाला, निवेश के गुर सीखे छात्र

 

जौनपुर। राजा श्रीकृष्ण दत्त पीजी कॉलेज में सोमवार को अर्थशास्त्र व वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सेबी (SEBI) व एनआईएसएम (NISM) के सहयोग से किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को निवेश और वित्तीय प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया गया।

कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता सुश्री निधि सिंह ने प्रतिभागियों को निवेश के महत्व, प्रतिभूति बाजार में निवेश की प्रक्रिया, प्राथमिक व द्वितीयक बाजार, आईपीओ, म्यूचुअल फंड तथा स्टॉक मार्केट में निवेश की रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय सेवा क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के संयोजक व अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. लाल साहब यादव ने कहा कि समृद्ध बनने के लिए आय अर्जित करने के साथ बचत और सही मंच पर निवेश करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त जानकारी के अभाव में शेयर बाजार व म्यूचुअल फंड में निवेश अक्सर नुकसान का कारण बनता है, इसलिए वित्तीय साक्षरता आज के समय की जरूरत बन गई है।

महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज वत्स ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि वित्तीय जागरूकता भी जरूरी है। इस तरह की कार्यशालाएं छात्रों को भविष्य के आर्थिक निर्णयों के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनाती हैं।

वाणिज्य विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि बदलते वित्तीय परिवेश में निवेश के विविध विकल्पों की सही जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विवेकपूर्ण निवेश के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक सत्यराम प्रजापति ने की। उन्होंने कहा कि डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच वित्तीय रूप से जागरूक होना बेहद जरूरी हो गया है।

कार्यक्रम का डिजिटल प्रबंधन चंद्रकेतु ने किया। इस अवसर पर डॉ. रजनीकांत द्विवेदी, डॉ. सुधाकर शुक्ला, डॉ. रविंद्र कुमार यादव, डॉ. नम्रता श्रीवास्तव, डॉ. संतोष त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related

डाक्टर 1859001960346843571

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item