जौनपुर में शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित
जौनपुर। हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी एवं लक्ष्मी बाई ब्रिगेड द्वारा दीवानी बार एसोसिएशन जौनपुर के प्रांगण में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर के 95वें शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर मोमबत्ती व अगरबत्ती जलाते हुए दो मिनट का मौन रखा।
लक्ष्मी बाई ब्रिगेड की अध्यक्ष मंजीत कौर ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को एक किसान परिवार में हुआ था। उनका परिवार देशभक्ति और क्रांतिकारी विचारों से ओत-प्रोत था। बचपन से ही उनमें देशप्रेम की भावना प्रबल थी। उन्होंने बताया कि कम उम्र में ही जलियांवाला बाग हत्याकांड से प्रभावित होकर भगत सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि मात्र 23 वर्ष की आयु में अंग्रेजों ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी देकर शहीद कर दिया, लेकिन उनका बलिदान देशवासियों के लिए आज भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है। हर वर्ष 23 मार्च को पूरा देश शहीद दिवस के रूप में उन्हें नमन करता है।
कार्यक्रम में अधिवक्ता दीपा साहू, बीना तिवारी, शुभम, अखिलेश, राज पाठक, राजेश गुप्ता, संतोष, जितेंद्र, उषा, राहुल, सविता, रंजना सहित सैकड़ों अधिवक्ता, वादकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

