निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुई संयुक्त समिति, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधानमंडल की संयुक्त समिति सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई, जिसमें जनपद में संचालित विभिन्न विभागों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का गहन आकलन किया गया।
बैठक में समिति की सभापति मनीषा अनुरागी तथा सदस्य गौरीशंकर वर्मा, मनीष रावत एवं तूफानी सरोज का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह व इत्र भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निर्माण निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभापति ने निर्देश दिया कि सेतु निर्माण के साथ एप्रोच मार्गों का निर्माण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के सभी नियमों के कड़ाई से पालन पर भी जोर दिया।
समिति ने जनपद में निर्माणाधीन पुलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर उनका समयबद्ध हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को जल्द लाभ मिल सके।
शिक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावासों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। समिति ने निर्देश दिया कि छात्रावासों में शौचालय, खिड़की एवं दरवाजों की वर्तमान स्थिति की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जिससे छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि और मजरों के विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यों में भी धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई।
समिति ने यह भी निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाए, जिससे कार्य की प्रगति, श्रमिकों की उपस्थिति और अधिकारियों की निगरानी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के एक्सईएन के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर समिति ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक, सड़कों की स्थिति और मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। समिति ने निर्देश दिया कि सभी सड़कें मानक के अनुरूप बनें तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने समिति को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

