स्कूल में फायरिंग कर रंगदारी मांगने वाले दो गिरफ्तार
जौनपुर। थाना बदलापुर क्षेत्र स्थित सेंट जेवियर विद्यालय में फायरिंग कर दहशत फैलाने और रंगदारी मांगने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी 2026 को थाना बदलापुर क्षेत्र के सेंट जेवियर विद्यालय में फायरिंग की घटना हुई थी। इसके बाद 14 फरवरी 2026 को भलुवाही स्थित सेंट जेवियर स्कूल में भी दोबारा फायरिंग की गई। इस संबंध में थाना बदलापुर पर मु0अ0सं0 33/26 व 59/26 धारा 109(1), 308(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने घटना में संलिप्त पवन यादव पुत्र बच्चू यादव निवासी हैदरपुर थाना तेजीबाजार को 2 मार्च 2026 को उसरा बाजार के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी मुलाकात आनंद सिंह उर्फ सोले निवासी लखऊवा से हुई थी। उसी के कहने पर दोनों ने विद्यालय परिसर में फायरिंग की थी।
अभियुक्त के अनुसार आनंद सिंह ने डॉक्टर और स्कूल प्रबंधन से पैसे वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बनाई थी। घटना में अन्य साथियों की भी भूमिका सामने आई है।
पवन यादव की निशानदेही पर पुलिस ने रोहित सिंह पुत्र दशरथ सिंह निवासी मुरादपुर थाना बदलापुर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक रोहित सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास तथा एससी-एसटी एक्ट व आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
कार्रवाई में थाना बदलापुर के निरीक्षक मुन्ना राम एवं हेड कांस्टेबल राममिलन सिंह की टीम शामिल रही। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दे रही है।
फायरिंग की इस घटना से क्षेत्र में फैली दहशत के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

