कंप्यूटर ऑपरेटर की बच्ची के सामने पिटाई, डेढ़ माह बाद भी आरोपी फरार


जौनपुर। खुटहन थाने में तैनात पुलिस विभाग के एक कंप्यूटर ऑपरेटर की दबंगों द्वारा उनकी मासूम बच्ची के सामने बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना को डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी आरोपित पुलिस की पकड़ से दूर हैं, जिससे “चिराग तले अंधेरा” वाली कहावत चरितार्थ होती नजर आ रही है।

जानकारी के अनुसार अजय राजभर पुत्र स्व. हरिहर प्रसाद निवासी ग्राम बनगांव थाना अकबरपुर (अंबेडकरनगर) वर्तमान में खुटहन थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। वह अपने परिवार के साथ शाहगंज कस्बे के नई सुबह गली, बस स्टॉप के पीछे रहते हैं।
पीड़ित के मुताबिक 26 जनवरी की रात करीब 8:15 बजे वह अपनी छोटी बच्ची को गोद में लेकर गली में टहल रहे थे। इसी दौरान नई सुबह अस्पताल के सामने से मेन रोड की ओर जा रहे एक व्यक्ति ने उन्हें देखकर अभद्र टिप्पणी कर दी। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने एक साथी को बुला लिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अजय राजभर पर हमला कर दिया।
बताया गया कि उस समय अजय अपनी बच्ची को गोद में लिए हुए थे। मारपीट के दौरान बच्ची उनके हाथ से गिरकर रोने लगी। पीड़ित ने बच्ची को बचाने के लिए उसे अपने शरीर से ढंक लिया, लेकिन हमलावर लगातार लात-घूंसे बरसाते रहे। अजय के अनुसार जब उन्होंने बताया कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत हैं तो हमलावर और उग्र हो गए और जान से मारने की धमकी देने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों में से एक व्यक्ति बाइक से नुकीली लोहे की रॉड लेकर आया और सिर पर वार करने का प्रयास किया, लेकिन ढलान होने के कारण वह फिसल गया और वार जमीन पर लग गया। इसके बाद किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
शोर सुनकर गली निवासी अश्वनी यादव मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख हमलावर गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी देते हुए बाइक से दादर पुल की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पीआरवी टीम ने आरोपितों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे।
मुकदमा दर्ज, पर गिरफ्तारी नहीं
पीड़ित का कहना है कि घटना के चार दिन बाद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया, लेकिन डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
उठने लगे सवाल
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। लोगों का कहना है कि जब पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मचारी को ही न्याय मिलने में इतनी देरी हो रही है तो आम लोगों को न्याय मिलना कितना मुश्किल होगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related

JAUNPUR 5865936446278768237

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item