महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट में सम्मान समारोह, दुर्गा मौर्या की सीएम ने की सराहना

 

जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत स्वावलंबन, सुरक्षा और सम्मान पर आधारित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना गया। इस दौरान पिंक रोजगार महाकुंभ पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल की महिलाओं से संवाद के क्रम में जौनपुर की प्रगतिशील कृषक व महिला उद्यमी दुर्गा मौर्या से भी बातचीत की। दुर्गा मौर्या ने बताया कि वह एफपीओ का संचालन करती हैं और कृषि विभाग की योजना के तहत मिलेट्स की खेती के साथ उसके उत्पादों की पैकेजिंग व मार्केटिंग कर रही हैं। साथ ही उद्यान विभाग की योजना के अंतर्गत नमकीन सहित अन्य उत्पादों की प्रोसेसिंग और विपणन भी किया जा रहा है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह का भी संचालन किया है। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जौनपुर की प्रसिद्ध इमरती का उल्लेख करते हुए यहां की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे नमकीन उत्पादों और इत्र की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और विभिन्न योजनाओं की लाभार्थियों में पल्लवी श्रीवास्तव, परी जायसवाल, अनीता दूबे, दुर्गा मौर्या, साधना खरवाल और मीरा देवी समेत अन्य को प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तहत मुख्य सेविका पद पर नवचयनित कल्पना यादव, कुसुमलता, दिव्या सिंह, अंशिता मिश्रा सहित अन्य को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं विभिन्न योजनाओं और रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश की मातृशक्ति आत्मनिर्भर और सुरक्षित बन रही है तथा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में “यूपी की नारी, शान हैं हमारी” थीम के अंतर्गत महिलाओं की उपलब्धियों और उनके सामाजिक-आर्थिक योगदान पर प्रकाश डाला गया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने सभी अतिथियों और महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related

डाक्टर 7980437506286244379

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item