व्यापार मंडल के रंगोत्सव में उड़े अबीर-गुलाल, दिया भाईचारे का संदेश
जौनपुर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से शहर के सुख्खीपुर स्थित लॉन में होली मिलन समारोह व रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष विवेक सिंह, जिला महामंत्री आशीष चौरसिया व नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू सहित पदाधिकारियों ने अतिथियों और व्यापारियों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ तथा विशिष्ट अतिथि नगर मजिस्ट्रेट इंद्रानंदन सिंह और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य मौजूद रहे। व्यापार मंडल की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने हर वर्ष इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की सराहना की।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक अवनींद्र तिवारी व अन्य कलाकारों ने होली गीत और लोकगीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस दौरान नगर के कई प्रतिष्ठित व्यापारी व समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेश साहू व प्रदीप सिंह ने किया।

