शाही किले में जौनपुर महोत्सव का भव्य आगाज, जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह
महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें करीब 623 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। इनमें 11 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी विधिवत संपन्न कराया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’ व नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देने की एक सराहनीय पहल है। इसके तहत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिससे आर्थिक बोझ कम होता है। उन्होंने बताया कि सभी धर्मों की परंपराओं का सम्मान करते हुए विवाह संपन्न कराए जाते हैं।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जनपद की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख, प्रीति श्रीवास्तव एवं नूपुर श्रीवास्तव ने किया।

