भक्ति और उत्साह में डूबा जौनपुर, डांडिया महोत्सव में देर रात तक झूमे लोग
जौनपुर। भारतीय नववर्ष संवत-2083, चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के पावन अवसर पर लायन्स क्लब इंटरनेशनल से संबद्ध लायन्स क्लब क्षितिज द्वारा शहर में भव्य डांडिया महोत्सव व नववर्ष अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजमहल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ डॉ. रजनीकांत द्विवेदी द्वारा मां दुर्गा की पूजा-अर्चना व आरती से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह ‘प्रिन्सू’ तथा विशिष्ट अतिथि मंडलाध्यक्ष लायन अर्पण धर दुबे, जीएटी एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा और उमेश चंद्र कक्कड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान पूरा परिसर “जय माता दी” के उद्घोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में लायनेस सदस्यों द्वारा प्रस्तुत मां दुर्गा की स्तुति ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। चेयरपर्सन आराधना सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत नृत्य-नाटिका ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। वहीं प्रतापगढ़ से आए अमर सुदामा ग्रुप ने गणेश वंदना, राधा-कृष्ण झांकी और लव-कुश की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
भजन गायक राजेंद्र राज के देवी गीतों पर जैसे ही डांडिया की धुन बजी, महिलाएं, पुरुष और युवा पारंपरिक वेशभूषा में देर रात तक गरबा और डांडिया का आनंद लेते रहे। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
प्रतियोगिता में विजेताओं को किया गया सम्मानित
डांडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बेस्ट कपल डांडिया में विशाल व एकता बरनवाल प्रथम रहे। बेस्ट मेल डांस में शुभम गुप्ता और बेस्ट फीमेल डांस में डॉ. प्रिया सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। बेस्ट ड्रेसअप मेल में विशाल गुप्ता और बेस्ट ड्रेसअप फीमेल में डॉ. आकांक्षा द्विवेदी को सम्मानित किया गया। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि बृजेश सिंह ‘प्रिन्सू’ ने भारतीय नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लायन्स क्लब क्षितिज ने कम समय में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वहीं डॉ. क्षितिज शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं।
संस्थाध्यक्ष अतुल सिंह, संस्थापक अध्यक्ष शशांक सिंह रानू और सचिव अजीत सोनकर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रदीप सिंह और अंजनी प्रजापति ने किया।
भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देता यह आयोजन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।

