केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा: कुछ नौकरी पाने तो कुछ नौकरी बचाने की जद्दोजहद में रहे सफल
जौनपुर। सोमवार की शाम को केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिये गये जिसमें जनपद जौनपुर के अध्यापक की नौकरी पाने के लिए आस में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र छात्राएं सफल रहीं तो कुछ सेवारत शिक्षक भी पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण किये हैं। मछलीशहर के बामी गांव की प्रधान श्रीमती सरोज सिंह पुत्री आकांक्षा सिंह जो बी एड कर रही हैं अच्छे अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण की हैं। विकास खंड मछलीशहर के गांव सेमरहो निवासी खुशी तिवारी जो वर्तमान में डी एल एड कर रही हैं उन्होंने भी परीक्षा उत्तीर्ण की।
सेवारत शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय रयां के सहायक अध्यापक नागेन्द्र सिंह, प्राथमिक विद्यालय अमांव के सहायक अध्यापक विवेक प्रकाश सिंह, प्राथमिक विद्यालय बेलवां के सहायक अध्यापक अवधेश पाल, उच्च प्राथमिक विद्यालय कादीपुर की सहायक अध्यापिका नीलम सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय बभनियांव के तीनों सहायक अध्यापक आलोक पाण्डेय,संजय सरोज और अच्छे लाल यादव ने केन्द्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करके नौकरी पर आये संकट से अपने को उबार लिया है।
गौरतलब है कि इस बार नये प्रतियोगियों के अलावा सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से प्रभावित हो सेवारत शिक्षकों ने भी बड़ी संख्या में केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा दी थी। उच्चतम न्यायालय ने ऐसे सेवारत शिक्षक जो अध्यापक पात्रता परीक्षा नहीं उत्तीर्ण हैं उन्हें दो वर्ष के अंदर अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने का आदेश दिया है।जिसे लेकर सेवारत शिक्षक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।

