गरीब बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, सखी वेलफेयर फाउंडेशन ने शुरू किया फ्री ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण
जौनपुर। सखी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से मरदानपुर स्थित कार्यालय पर आर्थिक रूप से कमजोर युवतियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण में शामिल युवतियां ब्यूटी पार्लर से संबंधित कौशल और ज्ञान प्राप्त कर स्वरोजगार के लिए तैयार होंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वंदना सरकार, संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, प्रशिक्षिका पूजा जायसवाल व सखी वेलफेयर टीम के सदस्यों तथा प्रशिक्षु युवतियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर किया। संस्था के सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर डॉ. रेनू मौर्य, संतोष गुप्ता और मीना गुप्ता ने भी संस्था की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्य अतिथि वंदना सरकार ने कहा कि मातृशक्ति को स्वावलंबी बनाने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की युवतियों को आत्मनिर्भर बनने और आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन करने में सहायता मिलेगी।
संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने कहा कि सखी वेलफेयर फाउंडेशन की सदस्याएं विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर समाज में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी क्रम में स्वच्छता मिशन की ब्रांड एंबेसडर बनी स्वर्णिमा जायसवाल तथा अंतरराष्ट्रीय हिंदू महिला परिषद की जिलाध्यक्ष बनने पर अर्चना सिंह को संस्था की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों और प्रशिक्षु युवतियों ने एक-दूसरे के साथ होली खेली तथा विभिन्न मनोरंजक समूह खेलों और होली गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार महासचिव अर्चना सिंह ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर सरला महेश्वरी, शीला राय, पिंकी जायसवाल, सुजाता जायसवाल, दिव्या साहू, शशि मिश्रा, सरिता निगम, आरती सिंह, संचिता बैंकर, दीपा साहू, शकुंतला मौर्य, मीनू बरनवाल, चंदा बरनवाल, सभासद पोषकी साहू, अंजु जायसवाल, रूपम शुक्ला, श्रद्धा उपाध्याय, रेनू गुप्ता, वंदना साहू, रजनी साहू, साधना साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां उपस्थित रहीं।

