जौनपुर में 10 हजार से अधिक गणनाकर्मियों का प्रशिक्षण शुरू
जौनपुर। भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के लिए प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से शुरू हो गया।
तहसील शाहगंज स्थित सेंट थॉमस इंटर कॉलेज में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी परमानंद झा, बदलापुर तहसील में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट तथा नगर पंचायत मछलीशहर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार ने दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों ने जनगणना के महत्व, उसकी उपयोगिता और कार्य की संवेदनशीलता पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षुओं से जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
जनपद में 16 अप्रैल से 6 मई 2026 तक कुल 216 बैचों में 10 हजार से अधिक गणनाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे जनगणना कार्य को सुचारू, सटीक और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
गौरतलब है कि प्रदेश में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पूर्व 7 मई से 21 मई तक नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपना विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

