साइकिल बनी सपनों की रफ्तार, 108 छात्र-छात्राओं को मिला संबल
जौनपुर। शिक्षा की राह को आसान बनाने और ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में रविवार को धर्मा देवी महाविद्यालय, बेलपार (उटरू कला), बक्शा में भव्य साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 108 छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।
समारोह के मुख्य अतिथि राकेश मौर्य (जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी जौनपुर) रहे, जबकि आयोजन महाविद्यालय के प्रबंधक एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास यादव के विशेष प्रयास से एक एनजीओ के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत एवं माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। अपने संबोधन में राकेश मौर्य ने कहा कि साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को रफ्तार देने का माध्यम है। दूर-दराज से आने वाले बच्चों के लिए यह सुविधा पढ़ाई को आसान बनाएगी और उनका ध्यान शिक्षा पर केंद्रित होगा।
उन्होंने प्रेरक अंदाज में कहा कि जैसे साइकिल को आगे बढ़ाने के लिए पैडल मारना पड़ता है, उसी प्रकार जीवन में सफलता के लिए निरंतर परिश्रम जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने उज्ज्वल भविष्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। साइकिल पाकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में रोहित यादव, मंगला यादव, सौरभ द्विवेदी, प्रदीप विश्वकर्मा, रविंद्र मौर्य, अरुण यादव (प्रधान उटरू कला) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रबंधक विकास यादव ने सभी अतिथियों व उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

