समाधान दिवस में 138 शिकायतों में 12 का हुआ समाधान

जौनपुर। जिलाधिकारी दिनेश चंद्र की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में स्थानीय तहसील में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। छीतम सराय रामनगर निवासी मंगला सिंह ने बताया कि आधार कार्ड में उनका नाम मंगला सिंह है, जबकि खतौनी में मंगला प्रसाद दर्ज होने के कारण उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को नाम संशोधन के निर्देश दिए और संशोधित खतौनी मौके पर ही उपलब्ध कराई।

इसी प्रकार अहिरौली शीतलगंज निवासी राजमणि पटेल ने खतौनी में गलत पता दर्ज होने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल संशोधन कर सही खतौनी उन्हें सौंप दी गई।

गनापुर निवासी चंद्र प्रकाश सिंह ने अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी मड़ियाहूं को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बारीगांव बरसठी निवासी कमलेश दुबे ने विद्युत कनेक्शन गलत फीडर में जोड़े जाने की समस्या बताई, जिस पर अधीक्षण अभियंता को जांच कर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

जमुआ सिकरारा निवासी रामलखन ने किसान सम्मान निधि दो वर्षों से न मिलने की शिकायत की। इस पर उपनिदेशक कृषि को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं रामपुर निवासी अखिलेश उपाध्याय ने रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में कुल 138 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयसीमा में समाधान के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनपद की अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने अपने आवास पर ऑर्गेनिक तरीके से उगाए गए टमाटर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की शिक्षिकाओं को प्रदान करते हुए निर्देश दिया कि इसका उपयोग विद्यालय के मेस में भोजन बनाने में किया जाए।

Related

JAUNPUR 4067719897478982817

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item