खतरे में बच्चों की सुरक्षा: जौनपुर में सैकड़ों स्कूल वाहन अनफिट, 15 अप्रैल के बाद होगी सख्त कार्रवाई
![]() |
| फाइल फोटो |
जौनपुर। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। परिवहन विभाग की जांच में सामने आया है कि जनपद में संचालित निजी स्कूलों के सैकड़ों वाहन मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार पंजीकृत करीब 1500 स्कूली वाहनों में से 606 वाहन अनफिट पाए गए हैं, जो बिना वैध फिटनेस के सड़कों पर बच्चों को ढो रहे हैं।
परिवहन विभाग की इस रिपोर्ट ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। मोटी फीस वसूलने के बावजूद बच्चों की सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा है। कई वाहनों में न तो सीसीटीवी कैमरे हैं और न ही फर्स्ट एड बॉक्स जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
एआरटीओ (प्रशासन) सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अब स्कूल प्रबंधन की मनमानी नहीं चलेगी। विभाग ने upisvmp.com पोर्टल लॉन्च किया है, जिस पर सभी स्कूल संचालकों को अपने वाहनों की पूरी जानकारी अपलोड करनी होगी। इसमें वाहन का पंजीकरण, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक का लाइसेंस, मेडिकल फिटनेस समेत सभी जरूरी दस्तावेज शामिल होंगे।
विभाग द्वारा 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सभी स्कूलों को अपने वाहनों की फिटनेस दुरुस्त कराने और पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। तय समय सीमा के बाद सड़क पर चलने वाले अनफिट वाहनों को सीज कर दिया जाएगा।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को जिस वाहन से स्कूल भेज रहे हैं, उसकी फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जानकारी जरूर लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

