जौनपुर में गूंज रही रामभक्ति की धारा, मानस सम्मेलन का भव्य शुभारंभ
जौनपुर। मानस प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद जौनपुर परिसर में श्रीरामचरितमानस सम्मेलन का 49वां आयोजन गुरुवार, 2 अप्रैल की सायंकाल से भव्य रूप से प्रारंभ हो गया। यह धार्मिक आयोजन आगामी 7 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें देशभर से आए प्रख्यात व्यासगण अपनी मधुर वाणी से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की कथा का रसपान कराते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर करेंगे।
सम्मेलन के प्रथम दिवस झांसी से पधारे पंडित महेंद्र जी शास्त्री (मानस मणि) ने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर अपने प्रवचन में वीर हनुमान की अनुपम भक्ति का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम की महिमा इतनी महान है कि हनुमान जी ने निरंतर राम नाम का स्मरण करते हुए प्रभु को अपने हृदय में बसाया।
उन्होंने मानस की चौपाई का उल्लेख करते हुए कहा— “सुमिरि पवन सुत पावन नामू,
अपने वश करि राखे रामू।।"
वहीं फतेहपुर से आए व्यास पंडित राकेश पाण्डेय ने हनुमान चरित्र की दिव्यता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हनुमान जी की कृपा से ही प्रभु श्रीराम की प्राप्ति संभव है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी ने सुग्रीव को श्रीराम से मिलवाया, जिससे उन्हें राजपद मिला, और विभीषण को मिलवाकर उन्हें लंका का राजा बनाया।
इस अवसर पर प्रो. आर.एन. त्रिपाठी, सुरेन्द्र कुमार मौर्य, ईश्वर चंद्र, जगदीश चंद्र गुप्त, ओमप्रकाश गुप्त, सुरेन्द्र कुमार जायसवाल, अनिल कुमार जायसवाल, रामआसरे साहू, रमेश चंद्र जायसवाल, रमेश सेठ, मनोज वर्मा, संजय सेठ जेब्रा, स्कन्द भार्गव, दिनेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

