होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 25 से 27 अप्रैल तक दो पालियों में होगी परीक्षा
जौनपुर। डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद स्तर पर परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि लिखित परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी—प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। इसके साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा सहायकों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
सुरक्षा के दृष्टिगत सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। प्रत्येक पाली में करीब 8400 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में परमानंद झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

