सीयूईटी पीजी (अंग्रेजी) में जौनपुर की आहना यादव का जलवा, देश में पहला स्थान
जौनपुर। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सीयूईटी पीजी प्रवेश परीक्षा में जौनपुर की बेटी आहना यादव ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। अंग्रेजी विषय में 300 में से 287 अंक प्राप्त कर आहना ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि संयुक्त मेरिट सूची में वह चौथे स्थान पर रहीं।
नगर के गूलरघाट निवासी शिक्षक संजय यादव और मनोरमा यादव की पुत्री आहना यादव ने एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) द्वारा आयोजित सीयूईटी पीजी परीक्षा में अंग्रेजी विषय से प्रतिभाग किया था। घोषित परिणाम में आहना ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल विषयवार टॉप किया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
बचपन से ही मेधावी रही आहना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर में पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने राजस्थान स्थित बनस्थली विश्वविद्यालय का रुख किया। परास्नातक में प्रवेश के लिए दी गई सीयूईटी परीक्षा में उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई है।
आहना का लक्ष्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देश और समाज की सेवा करना है। परिवार में भी शैक्षणिक माहौल रहा है—उनके बड़े भाई कनिष कुणाल सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं, जबकि छोटे भाई कृतज्ञ कल्याण दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

