जौनपुर में भैंस चोरी के दौरान फायरिंग, दो भैंस लेकर फरार हुए पिकअप सवार बदमाश

 

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुकुङीपुर गांव में बुधवार देर रात पशु चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई। पिकअप सवार बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए दो भैंस लाद लीं और विरोध करने पर पशु मालिक पर ईंट-पत्थर चलाने के साथ फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुकुङीपुर गांव निवासी रामसागर यादव देवकली माइनर के पास बनी अपनी पाही पर सो रहे थे, जहां उनके मवेशी भी बंधे थे। रात करीब 12 बजे पशुओं के शोर से उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो कुछ अज्ञात लोग मुंह बांधकर भैंसों को खोल रहे थे।

रामसागर ने शोर मचाते हुए बदमाशों का विरोध किया, लेकिन चोरों ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला शुरू कर दिया। इसी दौरान एक भैंस पिकअप में लाद ली गई, जबकि दूसरी पहले से ही वाहन पर मौजूद थी। तीसरी भैंस को भी लादने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन शोर-शराबा बढ़ने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकले।

हमले में रामसागर को हल्की चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, लेकिन तब तक बदमाश सफेद पिकअप लेकर करंजाकला बाजार की ओर फरार हो चुके थे। पीड़ित के अनुसार, चोरों की संख्या पांच से अधिक थी।

घटना की सूचना सरायख्वाजा पुलिस को दे दी गई है और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पशु चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है, जबकि पुलिस अब तक चोरों तक पहुंचने में नाकाम नजर आ रही है।

Related

JAUNPUR 7795612763962764741

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item