पहले ही प्रयास में समीक्षा अधिकारी बने विकास राजभर, गांव पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
रानीमऊ के विकास को पीसीएस (आरओ) परीक्षा में 135वीं रैंक, परिवार व गांव में खुशी
रिपार्ट- यूसुफ खान
खेतासराय (जौनपुर)। विकास खंड शाहगंज के रानीमऊ गांव निवासी विकास कुमार राजभर ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस (समीक्षा अधिकारी) परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पहले ही प्रयास में मिली इस सफलता से परिवार व गांव में खुशी का माहौल है। लखनऊ से घर पहुंचने पर परिजनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
विकास कुमार राजभर को परीक्षा में 135वीं रैंक प्राप्त हुई है। वह पिछले दो वर्षों से प्रयागराज में निधि लेखा परीक्षा विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थे और नौकरी के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि पहले ही प्रयास में समीक्षा अधिकारी के पद पर चयनित हो गए।
उनकी की प्राथमिक शिक्षा मां दुर्गा शिक्षा समिति बरबसपुर में हुई। इसके बाद उन्होंने मिर्जा अनवर बेग इंटर कॉलेज उसरहटा से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इलाहाबाद से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
विकास के पिता सुभाष चंद्र वाहन चालक हैं, जबकि माता आशा देवी गृहिणी है। उनकी पत्नी खुशबू कुमारी जौनपुर कलेक्ट्रेट में अधिवक्ता है। सफलता के बाद जब विकास लखनऊ से अपने गांव पहुंचे तो परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से लाद दिया ।
मीडिया से बात करते हुए विकास कुमार ने कहा कि यदि लक्ष्य तय कर ईमानदारी और परिश्रम के साथ तैयारी की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया।
ग्राम प्रधान राकेश राजभर, क्षेत्र पंचायत सदस्य वाकिब, डॉ प्रमोद राजभर, दीनानाथ राजभर, रिंकू कुमार, प्रभात और भीम सहित कई लोगों ने विकास की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

