ननद-भाभी ने रचा इतिहास: एक साथ बनीं पीसीएस अफसर, गांव में जश्न का माहौल
जौनपुर। जनपद के बर्जी कला गांव ने उस समय एक अनोखा और गौरवपूर्ण क्षण देखा, जब एक ही परिवार की ननद-भाभी ने एक साथ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की परीक्षा उत्तीर्ण कर पीसीएस अफसर बनने का गौरव हासिल किया। डिप्टी एसपी बनीं आकृति शुक्ला और कमर्शियल टैक्स ऑफिसर बनीं उनकी भाभी श्रेया शुक्ला शर्मा की इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया।
दोनों अफसरों के पैतृक आवास पर प्रथम आगमन के अवसर पर आयोजित कृतज्ञता ज्ञापन समारोह में भव्य स्वागत किया गया। गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां लोगों ने फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत के साथ अपनी खुशी का इजहार किया।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ननद-भाभी की यह जोड़ी आज समाज के लिए एक मिसाल बन गई है। एक ही परिवार की दो महिलाओं का एक साथ प्रशासनिक सेवा में चयन यह दर्शाता है कि यदि बेटियों और बहुओं को समान अवसर और प्रोत्साहन मिले, तो वे हर क्षेत्र में नया इतिहास रच सकती हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद, सेवानिवृत्त जज लालचंद पांडेय, सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक सुशील तिवारी, पूर्व प्रमुख कमला शंकर मिश्र, भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शीतला प्रसाद मिश्र, शोभनाथ पांडेय, पूर्व प्रधानाध्यापक डॉ. राम सिंगार शुक्ल, पूर्व प्राचार्य डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामचंद्र यादव, वीरेंद्र बहादुर सिंह, समाजसेवी भोलानाथ मिश्र, बच्चा सिंह, कांग्रेस नेता मंगला गुरु, रतन उमर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यह सफलता समाज में बेटियों और बहुओं के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि परिवार अपनी बेटियों और बहुओं को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दें, जिससे वे भी ऊंचाइयों को छू सकें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। महिलाओं ने दोनों अफसरों का स्वागत कर उनके संघर्ष और सफलता की सराहना की।
अतिथियों का स्वागत कमलेश शुक्ला एवं अखिलेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन शेषधर शुक्ला ने किया। पूरे आयोजन में गर्व, सम्मान और प्रेरणा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

