“सेवा, संस्कार और समर्पण का संकल्प: भारत विकास परिषद जौनपुर की नई टीम ने संभाली कमान”
जौनपुर। भारत विकास परिषद जौनपुर शाखा द्वारा आयोजित 13वां दायित्व ग्रहण एवं सम्मान समारोह विष्णु मोटल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी ने अपने पदों की शपथ लेकर समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सोहनलाल श्रीमाली, विशिष्ट अतिथि राम प्रकाश पाण्डेय, प्रांतीय संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी, क्षेत्रीय वित्त सचिव मुकुल शाह, प्रांतीय वित्त सचिव विवेक कुमार तिवारी एवं प्रांतीय गतिविधि संयोजक (पर्यावरण) राकेश मिट्टा द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती शिशु मंदिर बारीनाथ की छात्राओं ने वंदे मातरम् गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
पूर्व अध्यक्ष लोकेश कुमार ने परिषद की स्थापना से अब तक की यात्रा और विस्तार पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि सोहनलाल श्रीमाली ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर सेवा कार्यों के माध्यम से जागरूकता फैलाना है तथा युवाओं में देशप्रेम और नशामुक्ति का संदेश देना है।
विशिष्ट अतिथि राम प्रकाश पाण्डेय ने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के निचले वर्ग की सेवा ही सच्ची सेवा है। अध्यक्ष सतेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शाखा की सेवा एवं संस्कार आधारित परंपरा पर प्रकाश डाला। महिला सहभागिता संयोजक ज्योति श्रीवास्तव ने महिला उत्थान के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी, जबकि कोषाध्यक्ष गणेश साहू ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। सचिव संतोष अग्रहरि ने वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत विवरण रखा।
इस अवसर पर प्रांतीय गतिविधि संयोजक राकेश मिट्टा ने कई नए सदस्यों को परिषद की सदस्यता दिलाई। वहीं प्रांतीय वित्त सचिव विवेक तिवारी ने नए सत्र के अध्यक्ष गणेश साहू, सचिव डॉ. प्रेम कुमार संतोषी, कोषाध्यक्ष डॉ. दिवाकर गुप्ता एवं महिला सहभागिता संयोजक अर्चना पाठक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नव निर्वाचित अध्यक्ष गणेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि परिषद सेवा, संस्कार और समर्पण के पांच सूत्रों पर कार्य करती रही है और आगे भी समाज की कुरीतियों को दूर करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने मीरगंज गांव में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र एवं शुद्ध जल प्याऊ को निरंतर संचालित रखने तथा निर्माणाधीन स्वामी विवेकानंद प्रेरणा स्थल पर शीघ्र प्रतिमा स्थापना का संकल्प भी व्यक्त किया।
क्षेत्रीय वित्त सचिव मुकुल शाह ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जौनपुर शाखा ने अपने कार्यों से काशी प्रांत में विशेष पहचान बनाई है और आगे भी नए दिशा-निर्देशों के साथ बेहतर कार्य करेगी।
कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर बारीनाथ की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी संजीव साहू के नेतृत्व में बच्चों ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया।
समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन शिव कुमार गुप्ता एवं दिलीप जायसवाल ने किया, जबकि अंत में सचिव डॉ. प्रेम कुमार संतोषी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

