स्थापना दिवस पर भाजपा का बस्ती संपर्क अभियान, वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान
https://www.shirazehind.com/2026/04/blog-post_62.html
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मण्डल भाजपा जौनपुर नगर दक्षिणी के तत्वावधान में हुसैनाबाद वार्ड में ग्राम/बस्ती संपर्क अभियान चलाया गया। मण्डल अध्यक्ष डॉ. कमलेश कुमार निषाद के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने विचार परिवार के वरिष्ठजनों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से घर-घर संपर्क कर संवाद स्थापित किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों, अध्यापकों तथा लोकतंत्र सेनानियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की कार्यसंस्कृति समाज के हर वर्ग को सम्मान और सहभागिता प्रदान करने पर आधारित है।
लाभार्थियों से संवाद के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव जमीनी स्तर पर देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता का यह विश्वास और जुड़ाव ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
इस दौरान जिला एवं मण्डल पदाधिकारी, मातृशक्ति, शक्ति केंद्र संयोजक, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, सभासद, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

