प्रभा इंस्टीट्यूट के छात्रों का जलवा, सीबीएसई हाईस्कूल में लहराया परचम
जौनपुर। टीडी कॉलेज रोड स्थित अनुपम जलपान के समीप संचालित प्रभा इंस्टीट्यूट कोचिंग के छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर सफलता का परचम लहराया है। कोचिंग के एक दर्जन से अधिक छात्रों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
गुरुवार को कोचिंग परिसर में सफल विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कोचिंग प्रबंधन ने मेधावी छात्रों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
कोचिंग के डायरेक्टर पवन श्रीवास्तव ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए बताया कि संस्थान में सभी विषयों के अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों द्वारा पढ़ाई कराई जाती है, जिसका सकारात्मक परिणाम इस वर्ष देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि छह छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जबकि करीब 15 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रभा इंस्टीट्यूट का लक्ष्य सिर्फ परीक्षा में सफलता दिलाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। छात्रों की इस उपलब्धि से अभिभावकों में भी खुशी का माहौल है और क्षेत्र में संस्थान की प्रतिष्ठा और बढ़ी है।

