जौनपुर में गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की ध्वनि, शिवानंद ‘भाई श्री’ का हुआ आगमन
जौनपुर। नगर में आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रसिद्ध कथावाचक शिवानंद ‘भाई श्री’ महाराज का आगमन हुआ। उनका भव्य स्वागत ऋषि योगा संस्थान, गोसाई मंदिर (उर्दू बाजार) में संस्थान की निदेशक एवं सहकार भारती की जिला महामंत्री रजनी साहू के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान आगामी श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन की घोषणा की गई। कथा 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक नगर के बी.आर.पी. इंटर कॉलेज मैदान में प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन भंडारे की भी व्यवस्था रहेगी, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
कथावाचक शिवानंद ‘भाई श्री’ ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने और आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का सशक्त माध्यम है।
कथा से एक दिन पूर्व 21 अप्रैल को प्रातः 11 बजे बी.आर.पी. इंटर कॉलेज से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों चार पहिया वाहनों के साथ श्रद्धालु भाग लेंगे और पूरा शहर भक्तिमय माहौल में रंग जाएगा।
कार्यक्रम में सहकार भारती के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ‘रिंकू’, जिला मंत्री नवनीत श्रीवास्तव, प्रीति गुप्ता, अर्चना सिंह, रचित साहू, तनुष्का साहू, मुस्कान सिंह, ममता साहू सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन रजनी साहू द्वारा किया गया, जबकि संचालन नवनीत श्रीवास्तव ने किया।

