अंबेडकर जयंती पर विकास की नई सौगात: विधायक जगदीश नारायण राय ने किया शिलान्यास, लाइब्रेरी की घोषणा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगदीश नारायण राय ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामवासियों को एक और बड़ी सौगात देते हुए यहां एक लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
अपने संबोधन में विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित भारतीय संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत है, जिसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संविधान की बदौलत ही दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में बराबरी का अवसर मिला है। उन्होंने यह भी दोहराया कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे विकास कार्य ग्रामीण जीवन को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश यादव ‘फौजी’ ने कहा कि बाबा साहब का सपना एक शिक्षित और सशक्त समाज का था। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
इस अवसर पर अजय भारती, जितेंद्र भारती, जगदीश भारती (पूर्व सैनिक), श्री लाल साहब भारतीय, ग्राम सभा किरतापुर के प्रधान विनोद यादव, नागेंद्र यादव (पिंडरा अध्यक्ष प्रधान संघ), नीरज यादव (प्रधान बघेंद्रा), जिला पंचायत सदस्य बृजेश यादव, मेवा लाल यादव, सपा नेता विवेक यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अजय भारती ने किया, जबकि ग्राम सभा उत्तरगांव की प्रधान श्रीमती कमला देवी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

