“जौनपुर के इस स्कूल में गूंजेगा बल्ला—Rohit Sharma एकेडमी देगी बच्चों को फ्री क्रिकेट ट्रेनिंग”
जौनपुर। खेल और शिक्षा के संगम की दिशा में जनपद को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। माउंट लिट्रा जी स्कूल फतेहगंज अब क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने का नया केंद्र बनने जा रहा है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रोहित शर्मा की एकेडमी के प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को उच्चस्तरीय क्रिकेट प्रशिक्षण दिया जाएगा—वह भी पूरी तरह नि:शुल्क।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, आगामी जुलाई माह से यहां पढ़ाई के साथ-साथ खेल प्रतिभा को भी समान महत्व देते हुए क्रिकेट की पेशेवर ट्रेनिंग शुरू की जाएगी। खास बात यह है कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों के उन बच्चों को अवसर देना है, जिनके पास संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों को उड़ान देने का मंच नहीं मिल पाता।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रिकेट मैदान विकसित किया जा रहा है। खिलाड़ियों के अभ्यास हेतु तीन अत्याधुनिक नेट प्रैक्टिस पिच तैयार की जा रही हैं, ताकि बच्चों को मैच जैसी परिस्थितियों में अभ्यास का अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि एकेडमी में चयनित छात्रों को विशेषज्ञ कोचिंग, फिटनेस ट्रेनिंग और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। रोहित शर्मा की एकेडमी से जुड़े प्रशिक्षकों का अनुभव और मार्गदर्शन स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह पहल न केवल जौनपुर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगी, बल्कि यहां के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करेगी। शिक्षा के साथ खेल को प्राथमिकता देने की यह सोच निश्चित रूप से जिले के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
इस मौके पर कालेज प्रबंधक दिनेश सिंह,प्रिंसपल समेत स्कूल का स्टाफ मौजूद था।

