पेंशनर्स संघर्ष संकल्प दिवस 18 मई को, दस सूत्रीय मांगों पर बनी रणनीति
जौनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में जनपद अध्यक्ष सी बी सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 18 मई को कर्मचारी-पेंशनर्स संघर्ष के मसीहा स्वर्गीय वी. एन. सिंह की 27वीं पुण्यतिथि को “पेंशनर्स संघर्ष संकल्प दिवस” के रूप में मनाया जाएगा।
बैठक में संगठन की दस सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें केंद्र सरकार द्वारा गठित आठवें वेतन आयोग के संकल्प पत्र में पेंशनर्स के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को शामिल करने, पेंशन राशिकरण की कटौती अवधि दस वर्ष किए जाने, 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर मूल पेंशन में पांच प्रतिशत वृद्धि तथा इसके बाद प्रत्येक पांच वर्ष पर पांच प्रतिशत की बढ़ोत्तरी 80 वर्ष की आयु तक दिए जाने जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
इन मांगों की पूर्ति के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को भेजी जाने वाली हस्ताक्षर याचिका की भी समीक्षा की गई। साथ ही जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यालयाध्यक्षों द्वारा पेंशनर्स की लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति के निस्तारण में हो रहे विलंब पर चिंता जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सी बी सिंह ने प्रदेश एवं जनपद स्तर पर की गई संगठनात्मक कार्यवाहियों की जानकारी दी तथा भविष्य में भी लगातार संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सभी पेंशनर्स से 18 मई को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की।
बैठक को मुख्य रूप से के के तिवारी, मिठाई लाल, पलकधारी मौर्य, राजपति विश्वकर्मा, रामअवधलाल श्रीवास्तव, भानुप्रताप श्रीवास्तव, रामप्रताप यादव, जियाराम यादव, राजेश श्रीवास्तव, सन्तोष कुमार श्रीवास्तव एवं अजय सिंह ने संबोधित किया। बैठक का संचालन जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया।

