जौनपुर में स्कूली वाहनों पर सख्ती, बिना परमिट चल रही 5 बसें सीज, 11 का चालान
जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने जिले में सख्त अभियान शुरू कर दिया है। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिना परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित 5 स्कूली बसों को सीज कर दिया गया, जबकि 11 वाहनों का चालान किया गया।
जांच के दौरान कई वाहनों में परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और सुरक्षा संबंधी उपकरणों की कमी पाई गई। एआरटीओ (प्रवर्तन) ने स्पष्ट किया कि जिन स्कूली वाहनों में परमिट, फिटनेस या सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिलेगा, उनके खिलाफ सीज और चालान की कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि स्कूली वाहनों में चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बस का पीला रंग, “स्कूल बस” अंकन तथा सहायक स्टाफ की मौजूदगी अनिवार्य है।
स्कूली वाहन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार जनपद में करीब 480 वाहन ऐसे हैं जिनका परमिट समाप्त हो चुका है या बिना परमिट के संचालित किए जा रहे हैं। परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों को तत्काल परमिट का नवीनीकरण कराने अथवा नया परमिट बनवाने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना परमिट संचालित मिलने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी चालान और निरुद्धीकरण की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन विद्यालयों द्वारा अपने वाहनों का परमिट नहीं बनवाया जाएगा, उनके खिलाफ मान्यता समाप्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।

