7 से 21 मई तक चलेगी स्व-गणना, डीएम ने मीडिया से मांगा सहयोग
जौनपुर। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ आयोजित प्रेस वार्ता में स्व-गणना अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथियों पर स्वयं की स्व-गणना करने के साथ ही अपने विभाग के कर्मियों की गणना भी सुनिश्चित करानी होगी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू होकर 21 मई 2026 तक चलेगी।
इस प्रक्रिया के तहत नागरिकों को निर्धारित पोर्टल पर जाकर 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि एक बार डिजिटल माध्यम से सूचना दर्ज करने के बाद बार-बार जानकारी देने की आवश्यकता नहीं होगी। जनपद स्तर पर विभागवार तिथियां निर्धारित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लें और जनपद में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है।
जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने बताया कि संबंधित पोर्टल का अधिक से अधिक प्रचार जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी प्रश्नों का उत्तर सावधानीपूर्वक और सटीकता के साथ भरें तथा सबमिट करने से पहले डाटा की जांच अवश्य कर लें। अंतिम सबमिशन के बाद प्राप्त एसई-आईडी नंबर को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
प्रेस वार्ता के दौरान जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि युवराज गर्ग ने स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल लॉगिन, प्रारंभिक पंजीकरण, सत्यापन, स्थान पहचान और डाटा प्रविष्टि की पूरी विधि को विस्तार से समझाया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, सांख्यिकीय अन्वेषक युवराज गर्ग सहित प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

