डीएम सैमुअल पॉल सख्त, लंबित मामलों व भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी
जौनपुर। नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की हकीकत परखी। विभिन्न कार्यालयों और पटलों का बारीकी से अवलोकन करते हुए उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कार्य प्रणाली और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। जनहित से जुड़े मामलों में सुस्ती मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नजारत कक्ष में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान की जानकारी लेते हुए डीएम ने संबंधित एआरके बाबू को स्पष्ट निर्देश दिया कि भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं एलआरसी से वेतन भुगतान की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उन्होंने समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का तय समय सीमा में निपटारा हो और शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से फीडबैक लिया जाए, ताकि व्यवस्था की वास्तविकता सामने आ सके।
इसके अलावा डीएम ने अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) न्यायालय, भूमि राजस्व अनुभाग, उपजिलाधिकारी सदर न्यायालय, नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लीगल एड क्लिनिक, तहसील विधिक सेवा समिति, रजिस्ट्रार कानूनगो, भूलेख अनुभाग, आपदा प्रबंधन, अल्पसंख्यक कल्याण, नायब तहसीलदार न्यायालय, जनगणना कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण कार्यालयों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि कलेक्ट्रेट परिसर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित और सुचारू बनाया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन, उपजिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

