यूजीसी कानून हिंदुओं को लड़ाने वाला, सरकार वापस ले काला कानून : कुंवर हरिवंश सिंह
जौनपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने शनिवार को नई कॉलोनी हुसेनाबाद स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यूजीसी से जुड़े नए कानून को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह कानून समाज में विभाजन पैदा करने वाला है और हिंदुओं को आपस में लड़ाने का काम करेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से इस “काला कानून” को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार पीछे नहीं हटी तो संगठन कोर्ट से लेकर सड़क तक आंदोलन करेगा। श्री सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से इस कानून को न्यायालय में चुनौती दी गई है, जिस पर कोर्ट ने फिलहाल स्थगन आदेश (स्टे) दे दिया है।
पूर्व सांसद ने बताया कि रविवार को शाम 3 बजे से सिद्धीकपुर स्थित मां दुर्गा जी विद्यालय में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से महाराणा प्रताप एवं पृथ्वीराज चौहान जयंती के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिभा सम्मान समारोह सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजन होंगे। साथ ही यूजीसी कानून के विरोध में संगठन की ओर से हुंकार भी भरी जाएगी।
इस दौरान अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू, काशी प्रदेश अध्यक्ष कृष्णन सिंह, प्रदेश महामंत्री राम आश्रय सिंह समेत संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

