तेज रफ्तार डीजे एवं बाइक की टक्कर में दो चचेरे भाई घायल
https://www.shirazehind.com/2026/05/blog-post_13.html
मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के अटरिया गांव के पास रविवार को दोपहर तेज रफ्तार डीजे वाहन और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलते ही भाऊपुर चौकी प्रभारी निरीक्षक सुग्रीव प्रसाद गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भेजवाये। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुये दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घायलों की पहचान बरसठी थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी विपिन सरोज (44 वर्ष) तथा मिथलेश सरोज (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से जमालापुर से बाबतपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाबतपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात डीजे वाहन ने अटरिया गांव के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसे के बाद डीजे वाहन ने कार में भी टक्कर मार दी जिससे कार का अगला टायर ब्लास्ट हो गया। दुर्घटना के बाद डीजे चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। भाऊपुर चौकी प्रभारी निरीक्षक सुग्रीव प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिये अस्पताल भेज दिया गया है। अज्ञात डीजे वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

