दबंगों ने घर में घुसकर मचाया ताण्डव, परिवार की पिटाई करके महिला से की अभद्रता
https://www.shirazehind.com/2026/05/blog-post_25.html
नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहाँ थाना क्षेत्र के सवायन गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के बाद दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की और महिला के साथ अभद्रता किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी शिवानंद दीक्षित क्रिकेट मैच खेल रहे थे तभी उनके साथ मौजूद कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर शिवानंद जान बचाकर अपने घर भागे लेकिन आरोपित युवक गाली-गलौज करते हुए उनके पीछे-पीछे घर में घुस आये। घर में मौजूद हौसिला प्रसाद, शुभम दीक्षित और सविता दीक्षित ने बीच-बचाव करने की कोशिश किया लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडा,लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान शुभम और हौसिला प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गये।
आरोप है कि एक हमलावर ने सविता दीक्षित को जमीन पर पटक दिया जिससे उनके पैर में चोट आई। उनके साथ अभद्रता करते हुए कपड़े फाड़ दिए गए और कान का झाला भी छीन लिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष मो. जियाउद्दीन अंसारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी।

