सैलून में बैठे युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग, बाल-बाल बची जान
नकाबपोश बदमाशों ने झोंकी गोली, दूसरी मिसफायर होने से टली बड़ी वारदात
बदलापुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के मेढ़ा-रामीपुर मोड़ स्थित एक सैलून में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शेविंग करा रहे युवक पर दो नकाबपोश बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना में युवक बाल-बाल बच गया। एक गोली उसके बगल से गुजर गई, जबकि दूसरी गोली तमंचे में मिसफायर हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे मेढ़ा-रामीपुर मोड़ स्थित एक सैलून में शेविंग करा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान पैदल पहुंचे दो नकाबपोश बदमाश अचानक सैलून के भीतर घुस आए और आशीष को निशाना बनाकर फायर झोंक दिया। पहली गोली युवक के बगल से गुजरते हुए दीवार में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली मिसफायर हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही सैलून में भगदड़ मच गई और आसपास के लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद आशीष मिश्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ी बाइक पर बैठकर बहरीपुर बाजार की ओर फरार हो गए। मौके पर जुटे लोग युवक के बच जाने को चमत्कार बताते रहे और कहते सुने गए— “जाको राखे साइयां मार सके ना कोय।”
सूचना मिलते ही डायल 112 और सिंगरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य एकत्र कर हमलावरों की पहचान में पुलिस जुट गई है।
थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुन्तज़र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
हालांकि घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी चर्चा रही। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस को पहले से विवाद की जानकारी थी तो समय रहते प्रभावी पहल की जानी चाहिए थी, जिससे इस तरह की दुस्साहसिक वारदात को रोका जा सकता था। लोगों ने आशंका जताई कि यदि ऐसे मामलों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो बदमाश भविष्य में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

