मंत्री की गाड़ी के सामने लेट गई मृतक शनि की मां, बोली- “एक सप्ताह बाद भी नहीं मिला न्याय”
https://www.shirazehind.com/2026/05/blog-post_273.html
जौनपुर। सरायखाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव में सड़क हादसे में मृत युवक शनि राजभर के घर पहुंचे पंचायती राज मंत्री के सामने उस समय भावुक दृश्य उत्पन्न हो गया, जब मृतक की मां न्याय की गुहार लगाते हुए मंत्री की गाड़ी के आगे सड़क पर लेट गईं।
गुरुवार को मंत्री ओमप्रकाश राजभर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका काफिला गांव से निकलने लगा, तभी शनि की मां अचानक मंत्री की कार के सामने आकर सड़क पर लेट गईं और रोते-बिलखते हुए बोलीं कि घटना को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार न्याय की मांग करती रहीं। उनका कहना था कि कई अधिकारी और नेता आए, सभी ने सिर्फ आश्वासन दिया, मगर परिवार को अब तक इंसाफ नहीं मिला।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। घटना के दौरान गांव में काफी देर तक भावुक माहौल बना रहा।

