"मोदी की मन की बात से जुड़ा जौनपुर, राष्ट्र निर्माण के संदेशों से हुआ प्रेरित"
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत की प्राचीन विरासत, नदियों के संरक्षण, युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचार केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें जीवन में उतारकर समाज के बीच ले जाने की आवश्यकता है।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि जौनपुर का मन की बात के 134वें एपिसोड से जुड़ना जिले के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में गरीबों के कल्याण, समाज में सकारात्मक कार्य करने वालों के सम्मान तथा भीषण गर्मी में लू से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आम के पना जैसे पारंपरिक पेय के सेवन का उल्लेख करते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
श्री प्रजापति ने कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की सराहना और सम्मान होना चाहिए। इससे दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है और राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी विजय बहादुर पाठक उपस्थित रहे। उनके साथ काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, बदलापुर विधायक रमेश चन्द्र मिश्र, पूर्व सांसद डा. कृष्ण प्रताप सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, मंत्री प्रतिनिधि अजय सिंह, नगर पालिका परिषद की चेयरमैन मनोरमा मौर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मन की बात कार्यक्रम के दौरान सभागार में राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की भावना का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

