जंघई स्टेशन पर जीआरपी जवान बना फरिश्ता, सीपीआर देकर बचाई यात्री की जान

जौनपुर। भीषण गर्मी के बीच शनिवार दोपहर जंघई रेलवे स्टेशन पर एक यात्री अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद जीआरपी जवान की तत्परता से उसकी जान बच गई। जवान ने तत्काल सीपीआर देकर यात्री की सांसें वापस लौटा दीं। घटना के बाद प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं यात्रियों ने जवान की सूझबूझ की जमकर सराहना की।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के चंदा थाना क्षेत्र के तटीरीपुर गांव निवासी 50 वर्षीय प्रभाकर मिश्रा शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे प्लेटफार्म नंबर-1 पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज धूप और गर्मी के कारण वह अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े और बेहोश हो गए।

प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी जवान अभिजीत दूबे ने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। उन्होंने पहले यात्री के चेहरे पर पानी के छींटे मारे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर तत्काल सीपीआर शुरू कर दिया। करीब दो से तीन मिनट तक हार्ट पंपिंग करने के बाद प्रभाकर मिश्रा को होश आ गया और उनकी सांसें सामान्य होने लगीं।

होश में आने पर प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि वह हंडिया, प्रयागराज स्थित घनश्याम पेट्रोल पंप में मैनेजर हैं और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से सुल्तानपुर स्थित अपने घर जा रहे थे। अत्यधिक गर्मी और पानी की कमी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई। जीआरपी जवान के अनुसार वह हृदय रोगी भी हो सकते हैं।

जवान अभिजीत दूबे ने प्रभाकर के मोबाइल से उनके सहकर्मियों को सूचना दी। कुछ देर बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारी स्टेशन पहुंचे और जीआरपी की मदद से उन्हें उपचार के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय रहते सीपीआर मिलने से उनकी जान बच गई। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों ने जीआरपी जवान अभिजीत दूबे की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता ने एक परिवार को बड़ा दुख झेलने से बचा लिया। स्टेशन अधीक्षक ने भी जवान के कार्य की प्रशंसा की।

डॉक्टरों के अनुसार भीषण गर्मी में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें, सिर ढककर बाहर निकलें और खाली पेट यात्रा न करें। किसी व्यक्ति के बेहोश होने पर उसे तुरंत छायादार स्थान पर लिटाकर प्राथमिक उपचार दें और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं।

 

Related

डाक्टर 5280214368896671821

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item