मानस गायक वृद्ध का अधजला शव मिलने से सनसनी
नाले किनारे पड़ा मिला शव, पास में पेट्रोल की बोतल; हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
बरईपार। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के कान्हापुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव निवासी 65 वर्षीय मानस गायक अशोक मिश्र का अधजला शव सोनहिता नाले के किनारे मिला। शव के पास पेट्रोल से भरी बोतल मिलने के बाद मामला और रहस्यमय हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।परिजनों के अनुसार अशोक मिश्र गुरुवार रात भोजन करने के बाद घर में सोने चले गए थे। उनकी पत्नी इसरावती गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में सोहर गाने गई थीं। देर रात जब वह वापस लौटीं तो पति बिस्तर पर नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने रातभर गांव और आसपास तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने घर से लगभग दो सौ मीटर दूर सोनहिता नाले के किनारे एक अधजला शव पड़ा देखा। शव के पास पेट्रोल की बोतल भी पड़ी थी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पत्नी इसरावती ने शव की पहचान अपने पति अशोक मिश्र के रूप में की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक अशोक मिश्र रामचरित मानस गाकर अपना जीविकोपार्जन करते थे। गांव और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक आयोजनों में वह मानस गायन के लिए जाने जाते थे। उनके दो पुत्र रोजगार के सिलसिले में महाराष्ट्र के नागपुर में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पुत्र घर के लिए रवाना हो गए हैं।
मृतक की पत्नी इसरावती ने परिवार के ही रिश्ते में लगने वाले चाचा समेत दो लोगों पर जमीन विवाद को लेकर आरोप लगाया है। हालांकि गांव के लोगों का कहना है कि अशोक मिश्र और उनके चाचा के बीच सार्वजनिक रूप से कभी किसी विवाद की जानकारी नहीं मिली। ग्रामीणों के अनुसार दोनों लोग अक्सर साथ में रामचरित मानस पाठ और धार्मिक आयोजनों में शामिल होते थे तथा उनका स्वभाव बेहद धार्मिक और मिलनसार था।
घटना की सूचना पर तेजीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में अधजला शव मिलने की घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कोई इसे हत्या बता रहा है तो कोई आत्महत्या की आशंका जता रहा है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।

